मंगलवार, 15 जनवरी 2013

युवा सम्मेलन


भ्रूण हत्या रोकने के लिए समाज में
जागरूकता जरूरी: भूपेन्द्र सिंह
सागर। सांसद भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि भ्रूण हत्या को रोकने के लिए समाज को जागृत करने की आवश्यकता है। यदि हमने भ्रूण हत्याओं को नहीं रोका तो समाज में असंतुलन बढ़ेगा। इस असंतुलन से अपराध बढ़ेगे। यह बात उन्होंने नेहरू युवा केन्द्र के तत्वाधान में आयोजित युवा सम्मेलन में रविन्द्र भवन में कही।
सांसद भूपेन्द्र सिंह ने कहा स्वामी विवेकानंद ने देश को युवाओं को जागृत कर देश की आजादी के लिए तैयार किया था। देश की युवा शक्ति देश को तरक्की और विकास के मार्ग पर ले जा सकती है। उन्होंने कहा कि जब देशमें जे.पी. क्रांति हुई थी। तब देश के युवा ही उसमें शामिल हुए थे। जब भ्रष्टाचार को लेकर अन्ना हजारे ने जन लोकपाल के लिए आंदोलन किया तो युवा वर्ग इस आंदोलन का हिस्सा था। इसी तरह दिल्ली के दुष्कर्म मामले में जब देश का युवा वर्ग सामने आया तो केन्द्र की कांग्रेस सरकार को झुकना पड़ा और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को राष्ट के नाम संदेश देना पड़ा।
श्री सिंह ने कहा समाज में लिंग अनुपात बिगड़ रहा है। इसके लिए हमें समाज को जागरूक करना होगा। आज सागर जिले में एक हजार लडक़ों के अनुपात में 844 लड़कियाँ हैं। इससे लिंग अनुपात बिगड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार बेटी बचाओ अभियान चलाकर जनता को जागरूक करने का काम कर रही है। प्रदेश ने जो भी कार्य होते हैं, उनका शुभारंभ कन्या पूजन करके ही प्रारंभ किया जाता है। प्रदेश की भाजपा सरकार समाज को यह संदेश देना चाहती है कि बेटी है, तो कल है। सांसद ने कहा कि समाज को यह संकल्प लेना होगा कि भ्रूण हत्या जैसा पाप समाज में नहीं हो। उन्होंने कहा कि बेटों के समान बेटियों को शिक्षित करें। बेटा के शिक्षित होने पर केवल बेटा ही शिक्षित होता है। जबकि बेटी को शिक्षित बनाने से पूरा परिवार शिक्षित होता है। सांसद ने कहा बेटियाँ अपना भाग्य लेकर पैदा होती हैं। इसलिए इस दुनिया में आने दें, उन्हें रोके न, वही देश का भविष्य है।
युवा सम्मेलन में डॉ.विष्णु पाठक, आशीष ज्योतिषी, यशवंत करोसिया, डॉ.अंजना चतुर्वेदी, डॉ.भावना यादव, डॉ. दिवाकर राजपूत, नेहरू युवा केन्द्र समन्वयक, आर.एन.त्यागी, पी.के.तिवारी, अनिल मिश्रा आदि उपस्थित थे।