बुधवार, 19 दिसंबर 2012

कार्यकर्त्ता दिवस



भाजपा कार्यकर्त्ता सम्मेलन की तैयारी बैठक

बूथ स्तर के कार्यकर्त्ता हमारी पार्टी का आधार: शैलेन्द्र

सागर। सागर नगर विधायक शैलेन्द्र जैन ने आगामी 23 दिसम्बर को आयोजित सागर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्त्ताओं के मिलन महोत्सव को कार्यकर्त्ता दिवस के रूप में विगत वर्ष की भांति वृहद स्तर पर मनाने हेतु पार्टी के कार्यकर्त्ता की एक तैयारी बैठक का आयोजन किया जिसके तहत् व्यापक स्तर पर तैयारियॉं आयोजित करने की बात कहीं गई तथा विधान सभा क्षेत्र के प्रत्येक कार्यकर्त्ता को सम्मान पूर्वक आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया जिसमें बूथ स्तर के वे कार्यकर्त्ता जो केवल चुनाव के समय पार्टी का सहयोग करते है एवं उसके बाद वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर पार्टी गतिविधयों से दूर हो जाते है उनका विषेष ध्यान देते हुए विधायक ने पार्टी के सभी कार्यकर्त्ता से आहवान किया है कि वे बूथ स्तर के कार्यकर्त्ता हमारी पार्टी का आधार है जो बूथ पर बैठकर मतदाता को वोट डालने के लिए प्रेरित करते है ये वहीं कार्यकर्त्ता होते है जो घर-घर जाकर मतदाताओं से आत्मीय संपर्क बनाकर हमें विजय दिलाते है। उनको सम्मान पूर्वक आमंत्रित करना हमारे लिए गौरव की बात है। उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंति के अवसर पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है परन्तु अपरिहार्य कारणों से यह कार्यक्रम उक्त जयंति के अवसर पर आयोजित नहीं किया जा सका। जिसे 23 दिसम्बर 2012 दिन रविवार को दोपहर 12 बजे से मोतीनगर स्थित आदर्श  गार्डन में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में जगन्नाथ गुरैया, सुबोध पाराशर, बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्त्ता उपस्थित थे।

सामुदायिक भवन का लोकार्पण

सागर। विधायक शैलेन्द्र जैन द्वारा अम्बेडकर वार्ड कनेरादेव में शाला भवन के तीन अतिरिक्त कक्षों को लोकार्पण तथा आदिम जाति कल्याण विभाग से स्वीकृत सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रवासियों की मांग पर विधायक ने ग्राम कनेरादेव से ऊपर स्कूल पहुच मार्ग के निर्माण कराये जाने की स्वीकृति दी।

गौ पूजन व वृक्षारोपण

सागर । दयोदय गौ शाला सागर में गौ पूजन व वृक्षारोपण विचार संस्था के अध्यक्ष कपिल मलैया के  मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। सर्वप्रथम आचार्य श्री के चित्र के समक्ष श्रीफल अर्पण व दीप प्रज्जवलन किया।       कार्यक्रम के आयोजक सुशील जैन ने अतिथियों का स्वागत करते हुये कहा कि गौ सेवा हमारी भारतीय संस्कृति में सर्वश्रेष्ठ धर्म है। मुख्य अतिथि कपिल मलैया ने कहा कि मूक पशुओं की सेवा सभी को करना चाहिये और अपनी आय का एक निश्चित भाग गायों की सेवा में दान करना चाहिये। विशेष अतिथि पण्डित अरूण दुबे ने कहा कि गौ माता के सहारे ही वैतरिणी पार करके ही मोक्ष पाया जा सकता है। हिन्दू धर्म में गौ माता की सेवा सबसे विशाल पुण्य है। इस अवसर पर उपस्थित रहे ऋषभ सिंघई, कल्पना राय,नीरज वैद्यराज, शफीक खान,शैलेन्द्र जैन, नितिन जैन, किशोर,जानकी, शंकर आदि।

तीसरे दिन 15 मरीजों की सर्जरी

सागर । लाईफ लाईन एक्सप्रेस के माध्यम से पोलियो करेक्टिव सर्जरी और कटे-फटे होंठ के आपरेशन किये जाने का अभियान में तीसरे दिन 19 दिसंबर को पोलियो करेक्टिव सर्जरी से संबंधित 15 मरीजों के 23 आपरेशन डा0 आलोक अग्रवाल, डा0 सचिन रेजा, डा0 आषीष सैनी, डा0 रजनीष मिश्रा, डा0 मनीष झा व डा0 महिपाल सिंह ने संपन्न किये । इसी तरह कटे-फटे होंठ वाले 3 मरीजों के आपरेषन भी डा0 गुन्जन दुबे, डा0 प्रणव असाठी व डा0 श्वेता भटनागर ने संपन्न किये। 

बुन्देलखंड पैकेज की अवधि पाँच साल बढ़ी

सागर।  सांसद भूपेन्द्र सिंह द्वारा लागातार किये गये प्रयासों के फलस्वरूप केन्द्र सरकार ने बुन्देलखंड पैकेज की अवधि पाँच साल बढ़ा दी है। इस पैकेज के तहत इस वर्ष बुन्देलखंड के लिए 530 करोड़ रूपए की राशि मिलेगी। ज्ञातव्य है कि पूर्व में तीन वर्षों के लिए केन्द्र ने बुन्देलखंड पैकेज दिया था जिसके पूरे होने पर पैकेज में वृद्धि के लिए सांसद श्री सिंह ने प्रधानमंत्री से पत्राचार सहित लोकसभा में यह मामला उठाया था। 

लैब निर्माण के बगैर खरीदे 11 करोड़ के उपकरण 

लोकसभा में सांसद भूपेन्द्र सिंह ने उठाया मामला

सागर।  डॉ. हरिसिंह गौर केन्द्रीय विश्वविद्यालय में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए अत्याधुनिक प्रयोगशाला की बिल्डिंग का निर्माण पूरा किए बगैर ही लगभग 11 करोड़ रूपए के उपकरणों की खरीदी कर ली गई है। यह खुलासा लोकसभा में सांसद भूपेन्द्र सिंह के प्रश्न  पर सरकार के जबाव से हुआ है।
          सांसद भूपेन्द्र सिंह ने लोकसभा में प्रश्न कर जानना चाहा कि डॉ. हरिसिंह गौर केन्द्रीय विश्वविद्यालय में स्थापित की जा रही अत्याधुनिक प्रयोगशाला भवन की निर्माण लागत और निर्माण कार्यों की प्रगति का ब्यौरा क्या है। प्रयोगशाला के लिए क्रय किए गए उपकरणों के नाम और उनकी कीमत क्या है। इनमें से कितने उपकरण प्रयोगशाला भवन मे स्थापित किए जा चुके हैं और कौन-कौन से उपकरण विश्वविद्यालय के विभिन्न भवनों में बंद पड़े हैं। मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. शशि थरूर ने भवन निर्माण से पहले ही खरीद लिए गए उपकरणोंं के संबंध में उक्त जानकारी देने से चुप्पी साधते हुए बताया है कि विश्वविद्यालय में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए, विश्वविद्यालय ने 46 करोड़ रूपए की अनुमानित लागत से एक अत्याधुनिक इंस्ट्रूमेंटेशन प्रयोगशाला स्थापित करने का निर्णय लिया है। जिसमें भवन निर्माण के लिए 25 करोड़ तथा उपकरणों के लिए 21 करोड़ रूपए खर्च किए जाना है। राज्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय 10.93 करोड़ रूपए से अधिक मूल्य के उपस्कर (उपकरण) अधिप्राप्त कर चुका है। मैसर्स एचएससीएल दिल्ली के साथ निष्पादित संविदा के अनुसार कार्य का पहला चरण 30 जनवरी 2013 और दूसरा चरण 20 जुलाई 2013 तक पूरा किया जाना है।

देश में पशु चारे की भारी कमी

           सांसद भूपेन्द्र सिंह के प्रश्न पर कृषि राज्यमंत्री चरणदास महंत ने बताया है कि पशु आहार और चारे के उत्पादन के संबंध में आंकलन प्रत्येक वर्ष नहीं कराया जाता। तथापि नाबार्ड कंसल्टेंसी सर्विसेज द्वारा किए गए अध्ययन के अनुसार वर्ष 2007 में सूखा चारा की मांग 416 मिलियन टन और उपलब्धता 253 मिलियन टन, हरे चारा की मांग 222 मिलियन टन तथा उपलब्धता 143 मिलियन टन रही है राज्यमंत्री के मुताबिक कृषि विभाग ने राज्यों को सलाह जारी की है कि वे फसल अपशिष्टों का कुशलतापूर्वक उपयोग और चारे की क्षति को रोकना सुनिश्चित करें।

सूचना केन्द्र मजबूत करें:पाण्डेय

म0प्र0 जन अभियान परिषद की बैठक

सागर । जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष प्रदीप पाण्डेय ने कहा है कि योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिलाने के लिये सूचना केन्द्रों का मजबूत होना आवश्यक है । साथ ही किसी भी सेवा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिये पहले आत्मीयता बढ़ानी पड़ती है । श्री पाण्डेय ने यह बात आज यहॉं जन अभियान परिषद द्वारा आयोजित संभागीय बैठक में कही । बैठक में प्रस्फुटन तथा नवांकुर योजना के तहत गठित तथा चयनित स्वयंसेवी संगठनों के साथ आओ बनायें अपना स्वर्णिम मध्यप्रदेष के 9 बिन्दुओं पर प्रभावी कार्य हेतु रणनीति पर विचार किया गया । इस अवसर पर कलेक्टर योगेन्द्र शर्मा, जन अभियान परिषद के संभागीय समन्वयक अमित शाह, परिषद के पदाधिकारी, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधि तथा संभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे ।
                कलेक्टर ने कहा कि परिषद जनता के सहयोग से विकास के लक्ष्य प्राप्त करे तथा स्वयंसेवी संगठन इसमें योगदान करें । उन्होंने कहा कि आओ बनायें अपना मध्यप्रदेष विषय महत्वपूर्ण है, इसलिये षिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिये स्वयंसेवी संगठन सहयोग करें । इसके लिये पालक षिक्षक संघ को भी सषक्त बनाया जाय । उन्होंने कहा कि स्कूली छात्रों को साफ सफाई का महत्व बताया जाय तथा बच्चों में इसकी आदत डाली जाय ।प्रारंभ में संभागीय समन्वयक ने परिषद की कार्य पद्धति, गतिविधियों एवं उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाष डाला । इस अवसर पर उपस्थित अधिकारी एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिये।

सोमवार, 17 दिसंबर 2012

लोकार्पण


विधायक निधि से निर्मित सी.सी.रोड का लोकार्पण

सागर। चन्द्रशेखर वार्ड में विधायक निधि से 2.28 लाख की लागत से निर्मित सी.सी.रोड का लोकार्पण विधायक शैलेन्द्र जैन के करकमलों से सम्पन्न हुआ। नगर विधायक ने  इस दौरान सम्पूर्ण क्षेत्र का दौरा भी किया तथा लोगो की समस्याओं को जानने का प्रयास किया। नगर विधायक कहा कि हम जनता द्वारा चुने गये जनप्रतिनिधि है और हमारे द्वारा जो विकास कार्य कराये जाते है वे किसी जाति, सम्प्रदाय या समुदाय के नहीं होते बल्कि सम्पूर्ण मानव जाति के लिए होते है।  कार्यक्रम को निगम महापौर अनीता अहिरवार ने भी संबोधित किया। संचालन लक्ष्मण सिंह एवं आभार वार्ड पार्षद मेघा दुबे ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में श्याम तिवारी, जगन्नाथ गुरैया, योगेष जैन, प्रदीप राजौरिया, बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक गण उपस्थित थे।

स्वच्छता अभियान




                                                                                              महापौर .- स्वास्थय प्रभारी ने 

                शुरूआत की सफाई कर 
 

सागर। नगर के चार वार्डों में नगरीय स्वच्छता सप्ताह के दूसरे दिन बाघराज वार्ड में महापौर श्रीमति अनीता अहिरवार एवं स्वास्थय एवं चिकित्सा समिति प्रभारी श्रीमति पुष्पा पटैल, एवं श्रीमति गीता गौरीशंकर दक्ष ने सिविललाईन र्वाउ में, सफाई अभियान की शुरूआत की। इसके बाद तीनबत्ती, कटरा बाजार जे.सी.बी. से नगर में विखरे हुए कचरे के ढ़ेरों को उठकर गया, पालीथीन, सड़कों पर स्थित धूल मिटटी के ढ़ेर, की सफाई करते हुए कचरे को एकत्रित कर शहर से बाहर करने तथा नगर में स्थाई स्वच्छता की स्थिति को प्राप्त करने के लिए घर-घर कचरा एकत्रित किया।

नगर पालिक निगम सागर द्वारा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री शहरी स्वच्छता मिशन के अंतर्गत नगर को साफ स्वच्छ तथा स्वस्थ बनाने की दिशा में कार्य करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं जन सामान्य को जोड़ने ंके साथ राज्य शासन के निर्देशानुसार दिनांक 16 दिसम्बर से 23 दिसम्बर तक नगरीय स्वच्छता सप्ताह के दूसरे दिन सिविललाईन मधूकरशाह लाल स्कूल के पास, , कटरा पदमाकर स्कूल, बाघराज बीड़ी कालोनी, विठठ्लनगर काम्पलेक्स के पास में सफाई अभियान चलाया गया।

नगर के 5 वार्डों में कार्य योजना बनाकर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से घर-घर कचरा एकत्रित करने की प्रक्रिया आरंभ की गई। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक एवं सामूदायिक 4 शौचालयों एवं 6 मूत्रालयों की सफाई गई। इसके साथ ही नगर में जलप्रदाय हेतु सभी ओव्हर हेड टैंक, हेंडपंप के आसपास तथा निकाय अंतर्गत भवनों में लगाई गई पानी की टंकियों की साफ सफाई की जावेगी। जलप्रदाय के उपयोग में आने वाली सभी ओव्हर हेड टैंकों की स्थिति का पर्यवेक्षण तकनीकी अमले के द्वारा कराया जाकर आवश्यक मरम्मत एवं संधारण का कार्य किया जाएगा। स्वच्छता अभियान के अंतर्गत नगर में स्थित हाट बाजार, सब्जी बाजार, बस स्टेण्ड, रेल्वे स्टेशन, अस्पताल, सहित सभी सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित तरीके से नियोजित कर पूर्णतः स्वच्छ बनाए जाने की दिशा में कार्य किया जावेगा। चारों जोनों के अंतर्गत आने वाले वार्डों में सफाई के उपरांत संक्रामक बीमारियों की रोकथाम हेतु कीटनाशक का छिड़काव किया गया।

महापौर श्रीमति अनीता अहिरवार ने अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि साफ-सफाई की व्यवस्था शासन के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है जिसमें नगर के 48 वार्डों में इस अभियान को चलाया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार जनप्रतिनिधियों एवं जन सहयोग से चलाया जाएगा। महापौर स्वास्थय विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय पर एवं इस अभियान के अंतर्गत लगन से कार्य करें किसी भी प्रकार की अनियमितता होने पर सख्त कार्यवाही की जाऐगी। बाघराज वार्ड में स्वास्थय सभापति श्रीमति पुष्पा पटैल एवं सिविललाईन वार्ड में श्रीमति गीात गौरी शंकर दक्ष नें उपस्थ्तिि पंजी का निरीक्षण किया। सहायक यंत्री राजेन्द्र दुबे ने अनुपस्थित कर्मचारियों की जानकारी ली एवं कार्यवाही के निर्देश दिए। 18 दिसम्बर को परकोटा, जवाहरगंज, काकागंज, तुलसीनगर, वार्ड में स्वच्छता अभियान के तहत् जनप्रतिनिधियों के सहयोग से साफ-सफाई की जावेगी।

शुक्रवार, 14 दिसंबर 2012

बुविप्रा की चर्चा


बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण की बैठक 

वन विभाग के तालाबों से पत्थर 

निकाले जाने की जांच कराई जाये

सागर। बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण की सागर में बैठक सम्पन्न हुई । प्राधिकरण के अध्यक्ष उमेश शुक्ला की अध्यक्षता में सम्पन्न इस बैठक में प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत कार्यो की प्रगति की समीक्षा के साथ बुन्देलखण्ड विशेष पैकेज की कार्यप्रगति पर आवश्यक चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये ।
स्थानीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न बैठक में समिति सदस्यों ने अपेक्षा की कि उनकी अनुशंसा पर जो काम स्वीकृत होते है उनकी प्रगति की जानकारी देते समय अनुशंसा करने वाले प्रतिनिधि का उल्लेख आवश्यक रूप से किया जाये । इसी तरह बुन्देखलखण्ड विशेष पैकेज के जो काम प्राधिकरण के पदाधिकारियों ने देखे है और उनकी कमियों की शिकायत बैठक में दी है तो  उस पर कार्यवाही जरूर हो । साथ ही अगली बैठक में की गई कार्यवाही की जानकारी भी दी जाये ।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ओरछा में प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत राशि से जो सामुदायिक भवन बनाया गया है उसके रख रखाव के लिये एवं उस भवन का उपयोग सभी कर सके इस हेतु भवन नगर पंचायत को हस्तांतरित किया जाये । बैठक में समिति सदस्यो ने बताया कि टीकमगढ जिले की निवाडी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सेंदरी में बुन्देलखण्ड विशेष पैकेज के तहत वन विभाग ने चार-पांच तलैयों का निर्माण कराया है जिनके पत्थर कतिपय दबंगो ने निकालकर कुओं की जुड़ाई करा ली है । इस संबंध में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन तालाबों की जांच कराई जाये एवं दोषियों पर कार्यवाही भी हो । पूर्व में बुन्देलखण्ड विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश राय ने बुन्देखलण्ड विकास प्राधिकरण के द्वारा वित्त वर्ष 2007-08 से लेकर वर्ष 2012-13 तक स्वीकृत कार्यो की प्रगति की जिलावार जानकारी दी । साथ ही बुन्देलखण्ड विशेष पैकेज के अंतर्गत कराये गये कार्यो की जानकारी भी प्राधिकरण सदस्यों को दी । उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2010-11 व वर्ष 2011-13 के जो कार्य अभी पूर्ण नहीं हुए है उनके संबंध में कारण बताओं नोटिस जारी किये जायेगे। आपने यह बताया कि दमोह जिले में बांदकपुर, कुण्डलपुर आदि तीर्थ नगरी संबंधी प्रस्तावों को प्राधिकरण की ओर से शासन को प्रेषित किया गया है और जैसे ही स्वीकृत मिलेगी। सभी सदस्यों को अवगत कराया जायेगा ।

प्रशासन की चौपाल




मगरौन वासियों के लिए 12-12-12 बन गया यादगार दिन

कमिश्नर की रात्रिकालीन चौपाल में
पूरी हुई मुंहमांगी मुरादें

मध्यरात्रि के बाद तक समस्याओं का करते रहे निराकरण

दमोह। दुनिया भर के लिए अहम दिन 12-12-12 दमोह जिले की बटियागढ़ जनपद के ग्राम मगरौन वासियों के लिए भी भरपूर खुशियों भरा यादगार दिन साबित हुआ, इस दिन को मगरौनवासी शायद ही कभी भूलें, क्योंकि इस दिन इस ग्राम में संभाग के मुखिया कमिश्नर  आर.के. माथुर ने अधीनस्थ संभागीय अधिकारियों, दमोह कलेक्टर श्री स्वतंत्र कुमार सिंह के साथ रात में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं के निदान के साथ गांव की बुनियादी सुविधाओं में भी बढ़ौत्तरी कराई। चौपाल में ग्राम मगरौन सहित आसपास के ग्रामवासियों ने 129 आवेदन पंजीकृत कराये जिन पर सुनवाई के दौरान अनेक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया और जिन आवेदनों के निराकरण के लिए जांच आदि की प्रक्रिया पूर्ण की जानी जरूरी है उन्हें मौके पर उपस्थित संबंधित विभाग के अधिकारियों को समय-सीमा में निराकृत करने सौंपे गये।
12-12-12 का दिन इस गांव में एक तरह से दीवाली के दिन जैसा रहा, कमिश्नर, कलेक्टर का ग्रामवासियों ने जोरदार इस्तकबाल किया। बेटियों के कलश ने रात्रि को जगमग कर दिया। वही बुन्देलखण्ड के परम्परागत बाद्य वाद्य यंत्रों की धुन ने त्यौहारी माहौल बना दिया।
इस अवसर पर कमिश्नर श्री माथुर ने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि मां कलेही के दरबार में बैठे है उनके आर्शीवाद से आप सबकी समस्याओं का निदान अवश्य होगा। इस दौरान प्राप्त आवेदनों की सुनवाई मेें उन्होंने मगरौन की प्राथमिक शाला भवन का नवीनीकरण का कार्य चार में पूर्ण कराने तथा माध्यमिक शाला के विस्तार की कार्यवाही करने, उत्कृष्ट विद्यालय बटियागढ़ में अनियमितताओं की जांच एक हफ्ते में कराने, मगरौन उपस्वास्थ्य केन्द्र में सप्ताह में एक दिन डॉक्टर की ड¬ूटी लगाने, हरदुआ जामशा उपस्वास्थ्य केन्द्र में 7 दिन के अंदर ए.एन.एम. पदस्थ करने, केकड़ा जलाशय से विस्थापित होकर अन्य स्थल पर बसे लोगों को विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित कराने, कनौरा में एक हफ्ते में डी.पी.और कनेक्शन लगाने के निर्देश मौके पर उपस्थित अधिकारियों को दिये तथा ग्रामवासियों को भी आश्वस्त किया कि जिस काम के लिए जो समय-सीमा तय की है वह काम तय सीमा में ही होगा।
इसी तरह हिनौती उद्देशा गांव में बिजली व्यवस्था की व्यवस्थित तरीके से जांच कराने, बेलापुरवा के नवीन 36 बी.पी.एल. कार्डधारियों और रूसन्दों के नवीन 17 बी.पी.एल. कार्डधारियों को तत्काल खाद्यान्न का वितरण कराने, मगरौन के स्वराज भवन में बैंक की स्माल ब्राांच खोलने और 7 दिन में राजस्व निरीक्षक का कार्यालय प्रारंभ करने, मगरौन ग्राम पंचायत भवन मार्च 2013 तक बनवाने, मगरौन में पशु औषधालय खोलने का प्रस्ताव शासन को शीघ्र भिजवाने, बरौदा से भरौठा तक की सड़क एक माह में पूर्ण कराने, मगरौनवासी वृद्धा जगरानी को कुटीर के लिए विशेष प्रकरण बनाकर कुटीर देने, बरौदा की गेंेदारानी पति कड़ोरी के खेत में अंशदान योजना के तहत एक सप्ताह में डी.पी. लगाने के सख्त निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिये तथा कार्य पूर्ण करने की जानकारी उन्हें देने के निर्देश दिये।
इस तरह से कमिश्नर श्री माथुर ने चौपाल में विद्युत विभाग संबंधी-8, शिक्षा-6, स्वास्थ्य-3, जनपद-17, बैंक-5, खाद्य-3, पी.एच.ई-3, आर.ई.एस., खनिज, एवं जल संसाधन विभाग से संबंधित प्राप्त-एक-एक आवेदनों पर मौके पर ही सुनवाई कर निराकरण कराया। राजस्व विभाग से संबंधित 60 आवेदन जिनमें अधिकांश बी.पी.एल. सूची में नाम जोड़ने के थे, उनके संबंध में आवेदकों को आश्वस्त किया कि इन पर जांच की जरूरत होती है। अत: परीक्षण उपरांत कार्यवाही की जा सकेगी।

तीन दम्पत्तियों का सम्मान

            इस दौरान चार बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना में लाभान्वित करते हुए कमिश्नर श्री माथुर ने जन प्रतिनिधियों के साथ राष्ट्रीय बचत पत्र भेंट किये। इसी तरह एक एवं दो लड़कियों पर परिवार नियोजन अपनाने वाले तीन दम्पत्तियों को भी सार्वजनिक तौर से मंच से शाल श्रीफल से सम्मानित किया। तथा अन्य लोगों को भी इन दम्पत्तियों से प्रेरणा लेने की समझाइश दी। इसी तरह कलेक्टर श्री सिंह ने भी इन दम्पत्तियों द्वारा किये गये कार्य को अनुकरणीय बताते हुए समाज से अपेक्षा की कि बेटी को सहज रूप से अपनाये, बेटियों को अगर हम खत्म करते जायेंगे तो एक समय ऐसा आयेगा जब कोई लड़का बाप नहीं बन पायेगा।
            इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की भी जानकारी दी। मौके पर संभागीय अधिकारियों में संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ.के.के. ताम्रकार, संयुक्त संचालक कृषि कोरी, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास रमनवाल, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय त्रिपाठी सहित अपर कलेक्टर डॉ.जे.सी.जटिया, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग ए.के. सिंह, एस.डी.एम. राकेश कुशरे, सी.ई.ओ. जनपद आर.के. चौबे सहित विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी मौजूद थे।

राजनीति



सांसद ने उठाया दुर्घटनाओं का मामला

रिफायनरी के कामगारों को प्रशिक्षण की सिफारिश

सागर।  बीना स्थित भारत ओमान रिफायनरी में हुई दुर्घटनाओं की जाँच के लिए बहु-संकाय सदस्य समिति गठित की गई थी, जिसने रिफायनरी कामगारों को प्रशिक्षण दिए जाने की सिफारिश की है। लोकसभा में यह जानकारी सांसद भूपेन्द्र सिंह के प्रश्न पर पेट्रोलियम राज्यमंत्री ने दी है। 
सांसद भूपेन्द्र सिंह ने लोकसभा में प्रश्न कर जानना चाहा कि वर्ष 2006 में भारत-ओमान रिफायनरी के निर्माण कार्य के शुरू से लेकर अब तक उन्नीस दुर्घटनाओं में से प्रत्येक की जाँच करने के लिए गठित बहु-संकाय सदस्य समिति द्वारा की गई सिफारिशों का ब्यौरा क्या है? जबाव में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्यमंत्री श्रीमती पी. लक्ष्मी ने बताया है कि बहु-संकाय समिति इस निष्कर्ष पर पहुँची है कि बीओआरएल में दुर्घटनाओं का मुख्य कारण इन दुर्घटनाओं में शामिल संबंधित व्यक्तियों द्वारा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का अनुपालन नहीं किया जाना था। समिति ने कामगारों को सुरक्षित कार्य प्रक्रियाएँ, उपकरणों का सही प्रयोग तथा निजी सुरक्षा संबंधी उपकरणों का प्रयोग करने संबंधी प्रशिक्षण देने की सिफारिश की है। 
राज्यमंत्री ने भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन से प्राप्त सूचना का उल्लेख कर बताया कि बीओआरएल के कामगारों को नियमित अंतराल पर सुरक्षा प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अतिरिक्त, दिन में कार्य आरंभ करने से पहले बीओआरएल के सुरक्षा अधिकारियों द्वारा टूल बाक्स संबंधी व्याख्यान दिए जाते हैं और ऐसा ही ठेकेदार के पर्यवेक्षक द्वारा ठेका कामगारों के लिए किया जाता है। राज्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश और केन्द्र के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा किए गए संयुक्त निरीक्षण में बीना रिफायनरी में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई है। रिफायनरी द्वारा खरीदी गई मोबाइल वैन में वायु गुणवत्ता पर निगरानी रखने की सुविधा है। जिसके द्वारा सीमावर्ती गाँवों में वायु की गुणवत्ता की नियमित रूप से निगरानी की जाती है और इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई है। 





गुरुवार, 13 दिसंबर 2012

प्रशासन की रोशनी: :टीम बुंदेलखंड



टीम बुंदेलखंड: सर्वहारा वर्ग के असली जनसेवक आयुक्त माथुर

अलख जगाने में जुटे हैं भलाई के लिए

दरिद्र नाराययन की  सेवा के लिए  ही टीम बुंदेलखंड


मनोज शुक्ला

“आयुक्त श्री माथुर शासन के साथ-साथ शासन की कल्याणकारी योजनाओं का भी दर्पण बनकर सरकार की रोशनी दूर-दराज के इलाकों में जरूरतमंदों तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं जो साधुवाद के लायक है। गौरतलब है कि टीम बुंदेलखंड संभाग के  सागर, पन्ना,टीकमगढ़, छतरपुर दमोह  जिलों में आगे आयें लाभ उठाएँ की तर्ज पर अलख जागा रही  है।“
ग्रामीण क्षेत्रों में रात्री चौपल लगाकर  कर रहे है समस्याएँ हल 

सागर। सागर जब से संभागीय मुख्यालय बना है, तब से बहुत कम ऐसे संभाग आयुक्त मिले हैं। जिनमें संवेदनशीलता,जनसेवा, सर्वहारा वर्ग की चिंता के साथ असली जनसेवक बनाने की ललक दिखाई दी है। लेकिन यह ललक आयुक्त आरके माथुर में समा चुकी है,वे इस वंचित वर्ग की भलाई के लिए अलख जगाने में जुटे हैं।

        गौरतलब है कि  उनमें  मेरे पत्रकारिता अनुभव के इन 28 वर्षों में गिनती के संभाग आयुक्त देखने मिलें हैं। पत्रकारिता के शुरुआती दौर में सबसे पहले वर्ष 87-88 में विनोद वैश्य से मिलने का मौका मिला,पहले से कोई परिचय नहीं था फिर भी उन्होने एक पीड़ित महिला की व्यथा को गंभीरता से समझा तत्काल मेरे कहने पर कार्रवाई कराई। अब ऐसा देखने नहीं मिलता है,अब केवल बड़े-बड़े लोगों की सिफारिश पर गौर किया जाता है। फिर मिले पी राघवन जिनमें भी संवेदनशीलता कूट-कूटकर  भरी थी वे तो इतने संवेदनशील थे कि पत्र पर कार्रवाई कर देते थे यही नहीं कई बार तो अपने अधिनस्थों से फोन कराके पूँछ लेते थे कि करना क्या है।ऐसा  तो अब असंभव सा लाग्ने लगा है।

       यही नहीं उन्होने अपने सागर कलेक्टर कार्यकाल में भी जो किया वह अविस्मरणीय है एक घटना हुई जिसमें कोतवाली थाने में पीड़ित की रिपोर्ट नहीं लिखी जा रही थी ऐसे में मेरे कहने पर पीड़ित ने कलेक्टर से शिकायत का मन बना लिया।  समस्या यह थी कि उस समय रात के 11 बज चुके थे। फिर भी मैं पीड़ित को लेकर कलेक्टर निवास पहुँच गया,वे तत्काल अपनी गाड़ी में  बैठाकर थाने आ धमके और समस्या  हल। ऐसे कलेक्टर की अब तो केवल किसी फिल्म में ही कल्पना की जा सकती है। कलेक्टर और कमिश्नर रहे बी आर नायडू को भी संवेदनशील कहते है लेकिन उनसे खास संपर्क का अवसर नहीं मिला उनकी संवेदनशीलता का यहाँ के नेताओं और अन्य ने नाजायज फायदा उठा लिया। तालाब सफाई के बहाने वे इमोशनल अत्याचार के  शिकार हो गए।

         जो उस दौरान उनके अभियान में शामिल थे आज तालाब की संजय ड्राइव के आगे लाखों के बारे न्यारे करने में लगे है। संजय ड्राइव उन नेताओं,बिल्डरों, ठेकेदारों को आज वरदान साबित हो रही है क्योंकि इससे उनकी कमाई के द्वार खुल गए इसलिए वे लोग आज भी सागर लाखा बंजारा झील के नाम पर जनता को गुमराह करने में लगे हैं। ऐतिहासिक का राग आलाप कर अपने-अपने स्वार्थ में लगे हैं। जबकि लाखा बंजारा ने यह तालाब पशुओं को प्यास बुझाने बनवाया था। फिर भी राजनीतिबाज अपने गोरखधंधे में लगे है,समय बदला ऐसे संवेदनशीलों का दौर रुक सा गया। इसमें महत्वपूर्ण भूमिका जनसम्पर्क विभाग ने निभाई अब आईएएस इनकी उँगलियों पर नाचने लगे हैं। इसलिए वे अपने चश्मे का इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं। यही वह कारण जिससे आइएएस की संवेदनशीलता प्रभावित  हो गयी है,हालांकि कुछेक अपवाद निकल आते हैं जो अपने विचार और अपनी समझ पर काम करने का माद्दा रखते हैं। उनमे इस दौर के बाद भी कुछ अरसे पहले तक एसके वेद शामिल रहे हैं उनकी नजर में अच्छे लिखने वालों की,विचार वालों  को पहचानने की क्षमता थी अपने तरीके से काम करते थे।

पूत के गुण पालना में


         इसके बाद संभाग आयुक्त राजकुमार माथुर ने पिछले वर्ष ज्वाइन किया उन्होने आते ही पूत के गुण पालना में ही दिख जाते है वाली कहावत की झलक दिखला दी थी। धीरे-धीरे उनके विचारों को फलीभूत होते देखने का अवसर मिला। अपनी  कार्यशैली से आमजन को प्रभावित किया,लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना शुरू किया। वे अपने सरकारी निवास पर कुपोषित बच्चों की देखभाल कराते हैं यह इकलौता उदाहरण है किसी कमिश्नर के कार्यकाल का। वे अब लोगों की आस्था के केंद्र बन चुके हैं,जनता उम्मीदें लेकर आती  हैं उन्हें सहजता से हल कर रहे हैं, यदि ऐसे आइएएस जनता को मिलने लगे तो निश्चित तौर पर सर्वहारा वर्ग को बहुत राहत मिलने लगे।

दूर-दराज के इलाकों में रोशनी


         आयुक्त आरके माथुर के अभी कदम रुके नहीं हैं उन्होने एक नई पहल शुरू  की है,जिसका नाम है टीम बुंदेलखंड यह पहल धीरे-धीरे रंग लाने लगी है। करीब एक वर्ष के अनुभव के दौरान  इस पहल का जन्म हुआ है,वह भी सर्वहारा वर्ग की भलाई के लिए यह पहलू उनकी पहल के लिए सार्थक उम्मीदों का भरोसा है क्योंकि शासन की मंशा का आईना ही प्रशासन बनता  है। ऐसे में आयुक्त श्री माथुर शासन के साथ-साथ शासन की कल्याणकारी योजनाओं का भी दर्पण बनकर सरकार की रोशनी दूर-दराज के इलाकों में जरूरतमंदों तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं जो साधुवाद के लायक है। गौरतलब है कि टीम बुंदेलखंड संभाग के  सागर, पन्ना,टीकमगढ़, छतरपुर दमोह  जिलों में आगे आयें लाभ उठाएँ कि तर्ज पर अलख जागा रही  है। वे अपने मोबाइल नंबर के साथ ही टीम बुंदेलखंड के संपर्क नंबरों से जरूरतमंदों तक सेवाओं की पहुँच बनाने में कामयाब हो रहे हैं।

पहल-प्रयास अनुकरणीय 
  
          उनकी टीम में पटवारी,पञ्चायत सचिव,आगनबाड़ी कार्यकर्ता,सहायिका,स्वास्थ्य पर्यवेक्षक पुरुष-महिला एमपीडब्ल्यू जनशिक्षक आशा कार्यकर्ता शामिल हैं। जो सम्पूर्ण ब्लॉक में समन्वय के साथ हितग्राहीमूलक योजनाओं को बखूबी अंजाम तक पहुँचाने में कमिश्नर का साथ सभी निभा रहे हैं। यह पहल- यह प्रयास अनुकरणीय है साथ ही सरकार को ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करने की आज बेहद जरूरत भी है। जिससे जनता तक सरकार के भलाई वाले  उपायों  को सराहा जा सके। कमिश्नर आरके माथुर ने बताया कि गांवों के भ्रमण के दौरान महसूस हुआ कि जन्म से लेकर मृत्यु तक की योजनाओं की जानकारी तो है लेकिन वे  लाभ से वंचित हैं। यही नहीं विभागीय कर्मियों तक को सतही जानकारी का उन्हे एहसास हुआ तब वे चिंतित हुये फलस्वरूप टीम बुंदेलखंड बनाने की पहल की है।

          श्री  माथुर का मानना है कि यह टीम जरूरतमंदों को सही राह दिखाएगी,दरिद्रनाराययन कि सेवा के लिए  ही टीम बुंदेलखंड की  यह पहल है। ग्रामीण क्षेत्रों में जनता योजनाओं का लाभ उठा सकें इसलिए उन्होने पहल टीम बुंदेलखंड  सर्वहारा वर्ग के साथ नाम की आकर्षक पुस्तक में इन वर्गों की योजनाओं को सँजोकर पूरे संभाग को परोसा है। इस सराहनीय प्रयास ने उन्हें सच्चे प्रशासनिक अधिकारी की पहचान दिलाई है गर्भवती महिलाएं,नवजात कन्याएँ,खेतिहरमजदूर,निराश्रित विधवाएँ,फेरीवाले,पशुपालक,बेरोजगार बीपीएलपरिवार,श्रमिक,किसान,विकलांग,कामकाजी महिलाएं जैसी 20 श्रेणियों में विभाजित योजनाओं वाली पुस्तक अपने आप में अनेक योजनाओं को सहेजे है। जो हितग्राहियों को लाभ दिलाने में सक्षम साबित हो रही है।